पाकिस्तान सुपर लीग में निकले कोविड-19 के 3 और मामले
कराची
पाकिस्तान सुपर लीग में दो विदेशी खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ का एक सदस्य कोरोना जांच में पॉजिटिव पाया गया है लेकिन क्रिकेट बोर्ड ने मंगलवार को कहा कि टूर्नामेंट पर इसका कोई असर नहीं होगा। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मीडिया निदेशक सामी बर्नी ने संक्रमित पाए गए तीन लोगों के नाम नहीं बताए। इससे पहले ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर फवाद अहमद पॉजिटिव पाए गए थे जो क्वारंटाइन पर हैं। बर्नी ने नेशनल स्टेडियम पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ''मैं इसकी पुष्टि करता हूं कि दो विदेशी खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ का एक सदस्य कोरोना जांच में पॉजिटिव पाया गया है। उन्होंने बताया कि एक क्रिकेटर इस्लामाबाद युनाइटेड टीम का है जिसके खिलाड़ी फवाद अहमद पहले ही पॉजिटिव पाए गए हैं।'' पीसीबी अधिकारी ने यह भी कहा कि एक और टीम के जांच नतीजे अभी आने बाकी है। उन्होंने कहा कि टीम मालिकों के साथ वर्चुअल बैठक में कोरोना प्रोटोकॉल और बायो बबल संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की बात की गई।
पीसीबी को इसके अलावा कोविड-19 प्रोटोकॉल तोड़ने के बाद भी तेज गेंदबाज वहाब रियाज और वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान डेरेन सैमी को मैच खेलने देने के कारण भी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले से जुड़े पीसीबी के एक अधिकारी ने कहा कि बोर्ड अपनी तरफ से सर्वश्रेष्ठ कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमने सभी टीमों के लिए कड़ा बायो बबल तैयार किया है और खिलाड़ियों की नियमित तौर पर पीसीआर जांच हो रही है। फवाद जांच में पॉजिटिव आए हैं लेकिन वह इसके चपेट में कैसे आए, इसका हमें पता नहीं।

पाठको की राय